बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण, भारत सीमा तक मार्च, सुरक्षा कड़ी
ढाका/बेनापोल। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के विरोधी नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। शुक्रवार को इंकलाब मंच और जमात से जुड़े कट्टरपंथी संगठनों ने बेनापोल से भारत-बांग्लादेश सीमा तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंपने की मांग की। वहीं, चटगांव में चंद्रनाथ मंदिर के बाहर कट्टरपंथियों द्वारा धार्मिक नारेबाजी की गई, जिससे तनाव और बढ़ गया।
इसी बीच, उस्मान हादी का शव शुक्रवार शाम सिंगापुर से ढाका लाया गया। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। जनाजे की नमाज दोपहर 2 बजे राष्ट्रीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में अदा की जाएगी। इसके बाद शव को ढाका विश्वविद्यालय ले जाकर राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के पास दफनाया जाएगा। हिंसा भड़कने की आशंका को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भारत भी सतर्क, सीमा पर बढ़ी निगरानी
बांग्लादेश में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय सेना भी सतर्क हो गई है। ईस्टर्न कमांड के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आरसी तिवारी ने गुरुवार शाम भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा किया और हालात की समीक्षा की।
हिंसा के आरोप, यूनुस सरकार पर सवाल
हादी की मौत के बाद गुरुवार रात ढाका समेत कई इलाकों में हिंसा भड़क उठी। आंदोलनकारियों ने राजधानी में दो बड़े मीडिया हाउस और आवामी लीग के एक कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। भास्कर को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, अंतरिम यूनुस सरकार ने शुरुआती दो घंटे तक दंगाइयों को खुली छूट दी और न तो पुलिस और न ही सेना को मौके पर भेजा गया।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यूनुस सरकार 12 फरवरी को प्रस्तावित चुनाव टालने की रणनीति पर काम कर रही है। मौजूदा हालात में आवामी लीग पर प्रतिबंध है, जबकि बीएनपी नेता तारिक रहमान 25 दिसंबर को लंदन से ढाका लौटने वाले हैं। माना जा रहा है कि राजनीतिक अस्थिरता के बीच कट्टरपंथी जमात को फायदा मिल सकता है।
हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला
ढाका के पास भालुका इलाके में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक दीपू चंद्र दास के शव को नग्न कर पेड़ से लटका दिया गया और आग लगा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी के भारत भागने का दावा
उस्मान हादी की हत्या के मुख्य आरोपी फैसल करीम के भारत भागने का दावा किया जा रहा है। बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, हत्याकांड में मदद करने वाले दो आरोपियों ने अदालत में यह जानकारी दी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि फैसल करीम हमले से एक दिन पहले एक रिजॉर्ट में गया था और उसने कथित तौर पर कहा था कि “कल कुछ ऐसा होगा, जिससे बांग्लादेश हिल जाएगा।”
गौरतलब है कि 12 दिसंबर को ढाका में बाइक सवार हमलावरों ने उस्मान हादी को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले से कुछ घंटे पहले हादी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक विवादित नक्शे को लेकर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल, बांग्लादेश में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।