Sports News

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, सूर्यकुमार यादव कप्तान, अक्षर पटेल उपकप्तान

मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। शनिवार को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में सचिव देवजीत सैकिया ने चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की मौजूदगी में 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की।

टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। चयन में बड़ा फैसला लेते हुए शुभमन गिल को टीम से बाहर रखा गया है। वहीं संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है। ईशान किशन, रिंकू सिंह और शिवम दुबे को भी मौका दिया गया है।

यह टीम वर्ल्ड कप से पहले 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली 3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज में भी हिस्सा लेगी, जिसे तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन।

7 फरवरी से भारत का वर्ल्ड कप अभियान
भारत अपने टी-20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई में USA के खिलाफ करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया, 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान और 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले होंगे।

ग्रुप-ए में पाकिस्तान समेत चार टीमें
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका सामना पाकिस्तान, USA, नामीबिया और नीदरलैंड से होगा। भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड मजबूत रहा है। टीम इंडिया ने एशिया कप में पाकिस्तान को तीन बार हराया था, वहीं चैंपियंस ट्रॉफी में भी उसे मात दी थी।

टीम चयन के बाद क्रिकेट फैंस की निगाहें अब वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *