कोलकाता से पीएम मोदी का TMC पर हमला, बोले– बंगाल में पैसों की कमी नहीं, कट-कमीशन में अटकी सरकार
कोलकाता/नादिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट से नादिया जिले के राणाघाट में आयोजित कार्यक्रम को फोन के जरिए वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है, लेकिन राज्य सरकार कट और कमीशन में ही व्यस्त है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज भी बंगाल में हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट अटके हुए हैं। मैं बंगाल की जनता के सामने अपनी पीड़ा रखना चाहता हूं। TMC को अगर मोदी का विरोध करना है तो करे—100 बार करे, हजार बार करे। लेकिन मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि बंगाल के विकास को क्यों रोका जा रहा है।”
इससे पहले प्रधानमंत्री ने ₹3,200 करोड़ की लागत से बने नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। पीएम मोदी सुबह करीब 10.40 बजे दिल्ली से कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से ताहिरपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन घने कोहरे के कारण हेलिकॉप्टर को कुछ देर तक हेलीपैड के ऊपर मंडराने के बाद वापस कोलकाता लौटना पड़ा। इसके चलते प्रधानमंत्री को कार्यक्रम को फोन के माध्यम से संबोधित करना पड़ा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का ड्राफ्ट जारी होने के बाद यह प्रधानमंत्री का पहला दौरा है, जबकि पिछले पांच महीनों में यह उनका तीसरा बंगाल दौरा रहा।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम पश्चिम बंगाल से असम के लिए रवाना होंगे, जहां वे दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। असम में वे करीब ₹15,600 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।