नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, दुर्ग में भाजपा कार्यालय घेरने की कोशिश
दुर्ग/बिलासपुर/रायगढ़। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, दुर्ग और रायगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालयों का घेराव करने की कोशिश की।
दुर्ग में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा असत्य और हिंसा की राह पर चलती है और महात्मा गांधी की विचारधारा से कभी सहमत नहीं रही। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की पूजा करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पिछले 12 वर्षों तक कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत हुई है।
दुर्ग में पुलिस से धक्का-मुक्की
दुर्ग में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यालय से पहले ही रोक लिया। मौके पर बैरिकेडिंग की गई थी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
बिलासपुर और रायगढ़ में भी विरोध
इसी तरह बिलासपुर और रायगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालयों की ओर मार्च किया। यहां भी केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान दोनों जगहों पर पुलिस के साथ झूमाझटकी की स्थिति बनी।
हालांकि, किसी बड़े हादसे या गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था।