IPL 2026 मिनी ऑक्शन: 215 करोड़ से ज्यादा की बोली, अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की रही धूम
आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन मंगलवार को अबू धाबी में आयोजित किया गया, जिसमें फ्रेंचाइजी टीमों ने जमकर बोली लगाई। इस मिनी ऑक्शन में कुल 48 भारतीय और 29 विदेशी खिलाड़ियों पर 215.45 करोड़ रुपये खर्च किए गए। खास बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ 6 खिलाड़ियों पर ही 45.70 करोड़ रुपये की बड़ी रकम लुटाई गई।
ऑक्शन में भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों की जबरदस्त मांग देखने को मिली। टॉप-5 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर ही करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे साफ है कि टीमों ने भविष्य के सितारों पर बड़ा भरोसा जताया है।
खिलाड़ियों की कैटेगरी की बात करें तो ऑक्शन में 23 तेज गेंदबाज, 9 स्पिनर्स, 12 विकेटकीपर्स, 10 बल्लेबाज और 23 ऑलराउंडर्स बिके। पावर हिटिंग क्षमता वाले खिलाड़ियों की मांग सबसे ज्यादा रही, जिसे देखते हुए फ्रेंचाइजियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई।
टीमों के लिहाज से कोलकाता नाइट राइडर्स ने सबसे ज्यादा 13 खिलाड़ियों को खरीदा, जबकि पंजाब किंग्स ने सबसे कम 4 खिलाड़ियों पर ही बोली लगाई। मुंबई इंडियंस इस ऑक्शन में सबसे कम खर्च करने वाली टीम रही, जिसने केवल 2.20 करोड़ रुपये खर्च किए।
हालांकि, इस मिनी ऑक्शन में कुछ बड़े नामों को खरीदार नहीं मिला। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ, श्रीलंका के महीश तीक्षणा और न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा, जो ऑक्शन का बड़ा सरप्राइज रहा।