चांदी ने बनाया इतिहास, पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची
कीमती धातुओं के बाजार में चांदी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। आज यानी 17 दिसंबर को चांदी पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर को पार कर गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सुबह चांदी 2,00,750 रुपये प्रति किलो पर खुली।
हालांकि कारोबार के दौरान कीमत में हल्की गिरावट दर्ज की गई और अंत में चांदी 7,664 रुपये की तेजी के साथ 1,99,641 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। इससे पहले चांदी का भाव 1,91,977 रुपये प्रति किलो था। मौजूदा स्तर के साथ चांदी अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई है।
गौरतलब है कि 18 मार्च को चांदी पहली बार 1 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंची थी। यानी चांदी को 1 लाख से 2 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंचने में महज 9 महीने का समय लगा। जबकि 50 हजार से 1 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंचने में चांदी को करीब 14 साल लगे थे।
चांदी की कीमतों में आई इस तेज उछाल ने निवेशकों और सर्राफा बाजार का ध्यान खींचा है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक बाजार में अनिश्चितता, औद्योगिक मांग और निवेशकों की बढ़ती रुचि के चलते चांदी के दामों में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है।