IPL मिनी ऑक्शन अबू धाबी में जारी, डेविड मिलर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल, जेक फ्रेजर-मैकगर्क अनसोल्ड
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मिनी ऑक्शन अबू धाबी में जारी है। इस नीलामी में लीग की सभी 10 टीमें कुल 77 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए बोली लगा रही हैं। ऑक्शन के दौरान करीब 350 खिलाड़ियों के नाम ऑक्शन पूल में शामिल किए जाएंगे।
नीलामी के शुरुआती दौर में ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क अनसोल्ड रहे। उन पर किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल किया है।
ऑक्शन से पहले 10 टीमों के पास कुल 237.55 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध है। सबसे ज्यादा बजट कोलकाता नाइट राइडर्स के पास है, जबकि मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम राशि बची हुई है।
गौरतलब है कि आईपीएल ऑक्शन के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत हैं। उन्हें पिछले साल हुए मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था।