बिलासपुर में स्टेट GST की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी जारी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्टेट जीएसटी टीम ने 15 दिसंबर को एक बार फिर कोयला कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने हिंद कोल ग्रुप की गतौरा, हिंडाडीह और बलौदा स्थित कोल वाशरी के साथ-साथ कंपनी के कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान ग्रुप के विभिन्न ठिकानों पर सर्चिंग की गई। हिंद कोल ग्रुप के डायरेक्टर राजेश अग्रवाल बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा इंद्रमनी ग्रुप के डायरेक्टर सुनील अग्रवाल के भी दो ठिकानों सहित कुल पांच स्थानों पर स्टेट जीएसटी टीम ने कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही स्टेट जीएसटी सेक्रेटरी मुकेश बंसल के निर्देश पर रायपुर की टीम ने तीन बड़े कोयला कारोबारियों—महावीर कोल वाशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनिफिशिएशन—के 11 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इन कारोबारियों का संबंध एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के परिवार से भी बताया जा रहा है।
जांच के दौरान सोमवार सुबह से देर रात तक अधिकारियों ने कोल कंपनियों के लेन-देन और आय से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के अनुसार, बड़े कोयला कारोबारियों पर लंबे समय से जीएसटी विभाग की निगरानी थी। आय के मुकाबले टैक्स भुगतान कम पाए जाने और अनियमितताओं की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई।
कोल मिक्सिंग और टैक्स हेराफेरी का शक
प्रारंभिक जांच में कोल वाशरी में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग और टैक्स में हेराफेरी के संकेत मिले हैं। अधिकारियों को संदेह है कि कारोबारी टैक्स बचाने के लिए विभिन्न तरीके अपना रहे थे। रेड के दौरान अधिकारी इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आए, लेकिन रिकॉर्ड में कई खामियां और टैक्स चोरी के सबूत मिलने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर के तीन बड़े कोयला कारोबारी लंबे समय से जीएसटी विभाग की सीधी निगरानी में थे और उनका कारोबार देश के कई राज्यों से जुड़ा हुआ है।
तीन कारोबारियों ने किया 27.50 करोड़ रुपये का सरेंडर
स्टेट जीएसटी की कार्रवाई के बाद डर के चलते तीन बड़े कोयला कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 50 लाख रुपये सरेंडर किए हैं। महावीर कोल वाशरी ने 10 करोड़ रुपये, फील ग्रुप ने 11 करोड़ रुपये और पारस कोल वाशरी ने 6 करोड़ 50 लाख रुपये सरेंडर किए हैं।
फिलहाल स्टेट जीएसटी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।