National News

पश्चिम बंगाल में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 58.20 लाख नाम हटाने के लिए चिन्हित

चुनाव आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस प्रक्रिया में राज्य में कुल 58 लाख 20 हजार 898 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए चिन्हित किए गए हैं।

जारी आंकड़ों के अनुसार, इनमें 24 लाख 16 हजार 852 नाम मृत मतदाताओं के हैं। वहीं 19 लाख 88 हजार 76 मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जो स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अलावा 12 लाख 20 हजार 38 मतदाता लापता, 1 लाख 38 हजार 328 नाम डुप्लिकेट या फर्जी और 57 हजार 604 नाम अन्य कारणों से हटाने के प्रस्ताव में शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। आयोग के अनुसार, घर-घर जाकर मतदाता जानकारी जुटाने का कार्य पूरा हो चुका है और अब दावा, आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

SIR का दूसरा चरण फरवरी 2026 तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही मंगलवार को राजस्थान सहित चार अन्य राज्यों और कुछ केंद्र शासित प्रदेशों में भी मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *