Chhattisgarh, City News, Raipur, State News

कोयला घोटाला केस: जयचंद कोशले के खिलाफ चार्जशीट, EOW ने पेश किया 1000 पन्नों का चालान

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में आरोपी जयचंद कोशले के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने चार्जशीट पेश कर दी है। रायपुर स्थित स्पेशल कोर्ट में EOW ने करीब 1000 पन्नों का चालान दाखिल किया। आरोपी जयचंद कोशले फिलहाल केन्द्रीय जेल रायपुर में बंद है।

EOW के मुताबिक जयचंद कोशले पर 7 से 8 करोड़ रुपये की अवैध कोल लेवी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया तक पहुंचाने का आरोप है। जांच में जब्त डायरी और व्हाट्सऐप चैट्स में ‘जय’ नाम से की गई एंट्रियों के जरिए लेन-देन की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

जांच एजेंसी का कहना है कि आरोपी ने अवैध रकम से अपने और अपने परिवार के नाम पर कई संपत्तियां खरीदी हैं, जिनकी विस्तृत जांच अभी जारी है।

EOW ने बताया कि अवैध कोल लेवी प्रकरण में अब तक कुल 20 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया जा चुका है और आने वाले समय में और नाम जुड़ने की संभावना है। एजेंसी के अनुसार, जुलाई 2024 में 15 आरोपियों, अक्टूबर 2024 में 2 आरोपियों, अक्टूबर 2025 में 2 आरोपियों और अब जयचंद कोशले के खिलाफ चालान दाखिल किया गया है।

पहले चालान में पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया, निलंबित IAS अधिकारी रानू साहू, समीर विश्नोई, सूर्यकांत तिवारी, निखिल चंद्राकर सहित कई बड़े नाम शामिल हैं। फिलहाल मामले की जांच आगे भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *