स्क्वॉश वर्ल्ड कप में भारत का ऐतिहासिक स्वर्ण, हांगकांग को 3-0 से हराया
चेन्नई। चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वॉश वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय मिक्स्ड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग को 3-0 से हराकर इतिहास रच दिया। यह मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 में ब्रॉन्ज मेडल के रूप में दर्ज था।
इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने शॉर्ट और फास्ट फॉर्मेट में हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मजबूत मानी जा रही मिस्र की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरू से अंत तक साफ नजर आया।
फाइनल की शुरुआत दिग्गज खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने की। पहले मुकाबले में उन्होंने हांगकांग की यी ली (वर्ल्ड नंबर-37) को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 से मात दी। निर्णायक मुकाबले में 17 वर्षीय युवा खिलाड़ी अनाहत सिंह ने टोमेटो हो को 3-0 से हराकर भारत की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कर दी।
भारतीय मिक्स्ड टीम में जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार और अनाहत सिंह शामिल थे। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और घरेलू खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया।
प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि एसडीएटी स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 में पहली बार खिताब जीतकर भारतीय टीम ने इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री ने जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार और अनाहत सिंह की मेहनत, समर्पण और दृढ़ निश्चय की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत देश के युवाओं में स्क्वॉश की लोकप्रियता को और बढ़ाएगी।
मैच के बाद जोशना चिनप्पा ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले ही टीम को भरोसा था कि वे यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी शानदार फॉर्म में थे और घरेलू दर्शकों का समर्थन बेहद खास रहा। जोशना ने बताया कि अपने करियर में पहली बार उन्होंने इतने बड़े और जोशीले दर्शकों के सामने खेला, जिसने टीम को अतिरिक्त ऊर्जा दी।