Bihar, Crime, State News

मोतिहारी में सीएसपी लूटकांड का 10 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

मोतिहारी। जिले के महुआवा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज दस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में शामिल पांच अपराधियों को लूटे गए नकद, लैपटॉप, हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहन के साथ गिरफ्तार किया है।

रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि 12 दिसंबर को महुआवा चौक के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक विजय कुमार और उनके भाई राजन कुमार पंडित से तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 2 लाख 78 हजार 144 रुपये नकद और एक लैपटॉप लूट लिया था। लूट के बाद अपराधी सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल से चंद्रमण गांव की ओर फरार हो गए थे।

भागने के दौरान चंद्रमण सैनिक रोड के पास अपराधियों ने हवाई फायरिंग की, जिसमें रमेश कुमार और विजय कुमार नामक दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी शुरू की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड में शामिल सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संदीप कुमार, अभिजीत कुमार, प्रशांत कुमार, रमीज राजा और मोहम्मद तोफीक हैदर के रूप में हुई है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई पूरी नकद राशि, लैपटॉप, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल के अलावा एक पिस्टल, एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही घटना के समय अभियुक्त अभिजीत कुमार द्वारा पहने गए कपड़े और चप्पल भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि इस संबंध में महुआवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस अन्य संभावित कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *