मुंबई में मेसी के कार्यक्रम में VIP कल्चर पर फूटा फैंस का गुस्सा, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को झेलनी पड़ी हूटिंग
मुंबई। फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी अपने ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत रविवार को मुंबई पहुंचे। वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेसी का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर स्टेडियम खचाखच भरा रहा और हजारों फैंस अपने चहेते फुटबॉलर की एक झलक पाने को उत्साहित दिखे।
मेसी के मुंबई दौरे के दौरान कई बॉलीवुड सेलेब्स भी अपने बच्चों के साथ उनसे मिलने पहुंचे। वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में अभिनेता अजय देवगन अपने बेटे युग के साथ नजर आए, वहीं टाइगर श्रॉफ की भी मौजूदगी रही। हालांकि, इस दौरान दोनों अभिनेताओं को दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान लगातार बॉलीवुड सेलेब्रिटीज और अन्य वीआईपी हस्तियों को मंच पर बुलाया जा रहा था और वे मेसी से मुलाकात कर रहे थे। इससे स्टेडियम में मौजूद आम दर्शक नाराज नजर आए। फैंस को लग रहा था कि वीआईपी कल्चर के कारण उन्हें मेसी को देखने और उनके साथ जुड़ने का पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है।
इसी नाराजगी के चलते जैसे ही टाइगर श्रॉफ को मंच पर बुलाया गया, दर्शकों ने हूटिंग शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि टाइगर श्रॉफ को ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ से जुड़े एक यंग टैलेंट के रूप में मंच पर आमंत्रित किया गया। इसी दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जब उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर रहे थे, तब स्टेडियम में हूटिंग की आवाजें गूंजने लगीं।
इसके बाद जब अभिनेता अजय देवगन को मंच पर बुलाया गया और उनकी फिल्म ‘मैदान’ के लिए सम्मानित किया गया, तब भी हूटिंग जारी रही। यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां कई यूजर्स वीआईपी कल्चर पर सवाल उठा रहे हैं और मेसी के फैंस के गुस्से को जायज बता रहे हैं।