धान खरीदी व्यवस्था में बड़ा बदलाव, तूहर टोकन ऐप रहेगा 24 घंटे उपलब्ध
छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए और अधिक सरल और सुगम बनाने की दिशा में एक अहम निर्णय लिया है। अब धान विक्रय के लिए उपयोग में आने वाला तूहर टोकन ऐप चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही टोकन लेने के लिए पहले से तय समय सीमा की बाध्यता को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
नए प्रावधान के तहत किसान अब दिन या रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल एप के माध्यम से टोकन बुक कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले से टोकन कटवाने में आने वाली तकनीकी दिक्कतों और समितियों में लगने वाली भीड़ में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
सरकारी जानकारी के अनुसार किसान अब 13 जनवरी तक आगामी 20 दिनों के लिए अग्रिम टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसानों को धान बेचने की योजना पहले से बनाने में आसानी होगी और अंतिम समय की भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।
राज्य सरकार ने छोटे और सीमांत किसानों को विशेष राहत देते हुए उनके लिए अलग प्रावधान किया है। दो एकड़ या उससे कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप के जरिए टोकन ले सकेंगे। यह सुविधा मुख्यमंत्री के निर्देश पर लागू की गई है, ताकि छोटे किसानों को धान बिक्री में किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टोकन संबंधित सहकारी समितियों को निर्धारित आबंटन सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
सरकार का कहना है कि किसानों के हितों और पारदर्शी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे धान खरीदी की प्रक्रिया अधिक सहज, व्यवस्थित और किसान-अनुकूल बन सकेगी।