Chhattisgarh, City News, State News

कबीरधाम को मिला पहला सरकारी मेडिकल कॉलेज, 306 करोड़ की लागत से 40 एकड़ में होगा निर्माण

कबीरधाम: कबीरधाम जिले के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब जिले के पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, सांसद संतोष पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कबीरधाम जिला आज विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। कवर्धा में बनने वाला सरकारी मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। उन्होंने बताया कि 40 एकड़ भूमि पर 306 करोड़ रुपये की लागत से इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। इससे न सिर्फ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि जिले के बेटे-बेटियों का मेडिकल शिक्षा का सपना अब अपने ही जिले में पूरा हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि डबल इंजन सरकार पर जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का परिणाम है, जिसके तहत सरकार सेवा और समृद्धि के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से कबीरधाम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार होगा। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों और उन्नत, विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से जिले में विकास का नया अध्याय शुरू होगा। इससे युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। निर्माण कार्य से लेकर कॉलेज के संचालन तक स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे, जिससे जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह मेडिकल कॉलेज कबीरधाम को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा और आने वाले वर्षों में जिले के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *