शत्रुघ्न सिन्हा ने पैपराज़ी की की तारीफ, जया बच्चन के विवादित बयान पर कसा तंज
नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा अपने बेबाक अंदाज़ के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में एक इवेंट के दौरान उन्होंने पैपराज़ी की जमकर तारीफ की और साथ ही जया बच्चन के पैपराज़ी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हल्का-सा तंज भी कसा।
जया बच्चन के बयान से शुरू हुआ विवाद
कुछ दिनों पहले एक समारोह में जया बच्चन ने पैपराज़ी पर नाराज़गी जताते हुए कहा था—
“ये लोग कौन हैं और कहां से आते हैं? गंदे और टाइट पैंट पहनकर हाथ में मोबाइल लेकर बस घूमते रहते हैं।”
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली और कई लोगों ने उनकी आलोचना की। पैप्स और जया बच्चन के बीच लंबे समय से टकराव देखा जाता रहा है, जिसकी वजह से उनका व्यवहार अक्सर सुर्खियों में रहता है।
शत्रुघ्न सिन्हा का हल्का-फुल्का पलटवार
इसी मुद्दे पर एक इवेंट में मौजूद पैपराज़ी ने जब शत्रुघ्न सिन्हा से अपनी राय पूछी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा—
“आप लोग पैंट भी अच्छे पहनते हैं और शर्ट भी अच्छी पहनते हैं।”
उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद पैप्स ने तालियां बजाते हुए उनका धन्यवाद किया। उनके इस बयान को जया बच्चन की टिप्पणी पर हल्के-फुल्के तंज के रूप में देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर बच्चन परिवार के खिलाफ अभियान
जया बच्चन के व्यवहार और उनके हालिया बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने बच्चन फैमिली को बायकॉट करने की मांग भी उठाई। नेटिज़न्स का कहना था कि पैपराज़ी को चाहिए कि वे जया बच्चन और उनके परिवार की तस्वीरें न लें और सार्वजनिक स्थानों पर उन्हें अनदेखा करें।
फिलहाल देखना दिलचस्प होगा कि शत्रुघ्न सिन्हा के इस बयान पर जया बच्चन या बच्चन परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।