Chhattisgarh, City News, Raipur, Sports News, State News

मैरी कॉम का छत्तीसगढ़ के युवाओं को संदेश: “कभी हार मत मानो, हर लक्ष्य किया जा सकता है हासिल”

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की पहचान बना चुकीं प्रसिद्ध बॉक्सर मैरी कॉम ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने संदेश दिया कि कभी हार नहीं माननी चाहिए, क्योंकि लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी है। वे बुधवार को रायपुर पहुंचीं, जहां वे गुरुवार को होने वाले बस्तर ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में शामिल होने आई हैं।

रायपुर पहुंचने के बाद नईदुनिया से विशेष बातचीत में मैरी कॉम ने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए नियमित मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज सरकार और समाज दोनों ही तरह से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे उनका हौसला बढ़ता है।

लड़कियों के खेल में आगे आने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अधिक अवसर दिए जाएं, तो वे हर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

मैरी कॉम ने छत्तीसगढ़ में खेलों को लेकर बढ़ती रुचि की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में बड़े स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित होना खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा देता है। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्राकृतिक प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

सोशल मीडिया से दूर रहकर मैदान में उतरने की अपील

मैरी कॉम ने युवाओं से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया पर समय बिताने की बजाय मैदान में उतरें और किसी भी खेल को समर्पण के साथ अपनाएं। उनका कहना है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है।

बस्तर ओलंपिक में अपनी उपस्थिति पर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ से कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *