देशभर में SIR की आज अंतिम तारीख, हजारों फॉर्म अभी तक आयोग तक नहीं पहुंचे; समय पर जमा नहीं करने वालों को मिलेगा नोटिस
देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत मतदाता फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर यानी आज है। BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं से फॉर्म भरवा रहे हैं, लेकिन अब भी हजारों आवेदन चुनाव आयोग तक नहीं पहुंच पाए हैं।
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं ने निर्धारित समय में फॉर्म जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। आयोग के अनुसार यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके तहत नए 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवा मतदाता जोड़े जाएंगे, मृत या दूसरे स्थान पर चले गए मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे और गलत नाम या पता जैसी त्रुटियां सुधारी जाएंगी।
BLO आज अंतिम दिन तक घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र कर रहे हैं। आयोग ने कहा है कि समय पर फॉर्म जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सहयोग कर रहे हैं।
आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता पंजीकृत हैं। इनकी SIR प्रक्रिया के लिए 24,371 BLO और 38,846 BLA की नियुक्ति की गई है। अधिकारियों का कहना है कि BLO एक मतदाता तक तीन-तीन बार पहुंच रहे हैं, लेकिन कई लोग अब भी फॉर्म जमा नहीं कर रहे। ऐसे मामलों में अब कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।