Chhattisgarh, City News, Crime, State News

अवैध धान तस्करी पर पेंड्रा प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 40 क्विंटल धान बरामद

पेंड्रा। मध्य प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे एक धान तस्कर को पेंड्रा प्रशासन की उड़नदस्ता टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गुरुवार सुबह बचरवार से बगड़ी मार्ग पर गश्त के दौरान टीम को एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज गति से भागने लगा। इसके बाद पीछा कर बचरवार गांव के पास वाहन को रोक लिया गया।

जांच में पिकअप से 40 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.24 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी की पहचान रवि गुप्ता, निवासी धोबहर के रूप में हुई। उसने स्वीकार किया कि वह धान को मध्य प्रदेश के करंजिया से खरीदकर छत्तीसगढ़ के धोबहर इलाके में बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।

आरोपी के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने वाहन और धान दोनों को जब्त कर पुलिस लाइन अमरपुर में जमा करा दिया है।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार पेंड्रा अविनाश कुजूर ने किया। उनके साथ फूड इंस्पेक्टर जितेंद्र वासुदेव, पटवारी विनोद जगत सहित उड़नदस्ता दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में समर्थन मूल्य खरीदी के दौरान बाहर से अवैध धान की आमद रोकने के लिए निगरानी सख्त कर दी गई है, जिसके चलते यह बड़ी सफलता मिली है।

प्रशासन ने धान तस्करी को गंभीर अपराध बताते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *