दुबई में धमाका: शाहरुख खान के नाम पर बने ‘Shahrukhz By Danube’ प्रोजेक्ट की सभी यूनिट्स पहले ही दिन बिक गईं
नई दिल्ली। दुबई की रियल एस्टेट कंपनी डैन्यूब प्रॉपर्टीज (Denube Properties) ने मंगलवार को अपने नवीनतम कमर्शियल प्रोजेक्ट ‘Shahrukhz By Danube’ को लॉन्च किया। खास बात यह रही कि लॉन्च के पहले ही दिन इस प्रोजेक्ट की सभी 488 यूनिट्स बिक गईं। कंपनी को इस प्रोजेक्ट से 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की उम्मीद है।
यह प्रोजेक्ट मशहूर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के नाम पर बनाया गया है, जिसकी लॉन्चिंग दुबई एग्ज़ीबिशन सेंटर में शाहरुख खान की मौजूदगी में की गई। यह डैन्यूब ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन रिज़वान साजन द्वारा पेश किया गया।
Shahrukhz By Danube: जानें प्रोजेक्ट की खास बातें
- लोकेशन: दुबई की प्रतिष्ठित शेख जायद रोड
- ऊंचाई: 55 मंजिला गगनचुंबी बिल्डिंग
- कुल यूनिट्स: 488 कमर्शियल स्पेस
- कंस्ट्रक्शन एरिया: 10 लाख वर्ग फुट से अधिक
- ऑफिस स्पेस की शुरुआती कीमत: 4,75,000 डॉलर (लगभग ₹4.2 करोड़)
- अनुमानित कमाई: 2.1 अरब AED (₹5,146 करोड़)
2029 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
डैन्यूब प्रॉपर्टीज इस मेगा प्रोजेक्ट में करीब ₹3,500 करोड़ का निवेश कर रही है, जिसमें जमीन की कीमत और निर्माण संबंधी अन्य खर्च शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य इसे साल 2029 तक पूरा करने का है। इससे पहले यह प्रोजेक्ट मुंबई में प्रस्तुत किया गया था, जिसके बाद दुबई में इसका भव्य लॉन्च किया गया।
‘Shahrukhz By Danube’ की रिकॉर्ड-ब्रेकिंग बिक्री ने दुबई के रियल एस्टेट बाजार में एक नई चर्चा छेड़ दी है, और इसे शाहरुख खान के ब्रांड वैल्यू का एक और मजबूत उदाहरण माना जा रहा है।