चांदी की कीमतों में तूफानी उछाल: MCX पर पहली बार 1.91 लाख रुपये के पार, लगातार दूसरे दिन बना रिकॉर्ड
नई दिल्ली। चांदी की कीमतों ने लगातार दूसरे दिन ऐतिहासिक छलांग लगाई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार, 10 दिसंबर को चांदी पहली बार ₹1.91 लाख प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई। इससे एक दिन पहले ही मंगलवार को यह ₹1,88,800 प्रति किलोग्राम का नया रिकॉर्ड बनाकर लौटी थी, जिसे चांदी ने अगले ही दिन तोड़ दिया।
MCX पर लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड टूटे
मंगलवार रात 9 से 10 बजे के बीच चांदी में अचानक तेज उछाल आया और कीमतें एक घंटे में ही ₹6,000 से अधिक बढ़ गईं। बुधवार सुबह बाजार खुलते ही तेजी जारी रही और चांदी ₹1,91,800 प्रति किलोग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
- चांदी: ₹1,90,244/किग्रा
- दिन का हाई: ₹1,91,800/किग्रा
- लो लेवल: ₹1,88,800/किग्रा
- एक दिन में बढ़त: 1.16%
IBJA पर भी टूटा रिकॉर्ड
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के रेट में भी चांदी ने सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। चांदी ₹9,296 महंगी होकर ₹1,86,350 प्रति किलोग्राम पहुंच गई, जबकि पिछले दिन की कीमत ₹1,77,054 प्रति किलोग्राम थी।
सिर्फ एक महीने में चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। 10 नवंबर को चांदी 1,51,643 रुपये प्रति किलोग्राम थी। यानी सिर्फ 30 दिनों में चांदी ₹34,707 महंगी हो चुकी है।
तेजी क्यों आई? विशेषज्ञों की राय
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केड़िया के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, डॉलर की कमजोरी, भू-राजनीतिक तनाव और मूल्यवान धातुओं में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से चांदी में यह अप्रत्याशित रैली देखने को मिल रही है। साथ ही औद्योगिक मांग में बढ़ोतरी ने कीमतों को और ऊपर धकेला है।
चांदी की लगातार बढ़ती रफ्तार ने निवेशकों में उत्साह बढ़ाया है, वहीं ज्वैलरी कारोबारियों और रिटेल खरीदारों के लिए यह चिंता का विषय बन गया है।