गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कड़ाके की ठंड: तापमान 6 डिग्री पर पहुंचा, पहाड़ी क्षेत्रों में ओस ने बढ़ाई चिंता
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ठंड तेजी से बढ़ गई है, जिसके चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों ने कड़ाके की सर्दी का सामना किया। तापमान में आई इस गिरावट का असर विशेष रूप से पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिला।
सुबह के समय मैकल पर्वत श्रृंखला की तराई में बसे दूरस्थ गांवों में ओस की बूंदें सफेद चादर की तरह दिखाई दीं, मानो हल्का पाला पड़ गया हो। खेतों और खलिहानों में जमी ओस ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
दिनभर चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाला है। बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम दिखाई दे रही है और रात के समय बाजार जल्दी बंद हो रहे हैं। बढ़ती ठंड से बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन ने प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड और वार्डों में अलाव की व्यवस्था की है। लोग समूह बनाकर अलाव तापते हुए देखे जा सकते हैं। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को अभिभावक गर्म कपड़ों में लपेटकर भेज रहे हैं।