Chhattisgarh, City News, State News

खबर का शीर्षक:कबीरधाम में अवैध धान परिवहन का विवाद: ग्रामीणों ने दो वाहनों संग नायब तहसीलदार को पकड़ा, प्रशासन ने जारी की सफाई

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में धान खरीदी का सीजन जारी है। इसी बीच अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त निगरानी कर रहा है। इसी दौरान रेंगाखार जंगल क्षेत्र (एमपी–सीजी बॉर्डर) से बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ नायब तहसीलदार पर धान तस्करी में शामिल होने के आरोप लगे हैं।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने ही धान ले जा रहे दो वाहनों समेत नायब तहसीलदार को रोक लिया। इस दौरान ग्रामीणों और नायब तहसीलदार के बीच विवाद भी हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार देर रात 11:45 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी की।

प्रशासन ने कहा कि रेंगाखार क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान अवैध धान परिवहन की सूचना मिलने पर तहसील की टीम मौके पर पहुँची थी। स्थानीय लोगों और टीम के बीच गलतफहमी के कारण भ्रम की स्थिति बन गई, जिससे मौके पर उचित कार्रवाई नहीं हो सकी।

एसडीएम बोड़ला ने बताया कि घटना में शामिल दोनों वाहनों पर कार्रवाई की गई है। वाहनों को जब्त कर झलमला थाना सौंप दिया गया है। जांच में एक वाहन में धान और दूसरे में कोदो भरा मिला है। इसके बाद मंडी सचिव द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *