Politics

आरजेडी की पूर्व महिला अध्यक्ष ऋतु जायसवाल नई राजनीतिक पार्टी बनाने पर कर रहीं विचार, बिहार की सियासत में बढ़ी हलचल

पटना। आरजेडी की पूर्व महिला अध्यक्ष रहीं ऋतु जायसवाल ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की संभावना जताई है। उन्होंने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की, जिसके बाद बिहार की सियासत में नई सरगर्मियां देखने को मिल रही हैं।

ऋतु जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आने वाले महीनों में वे बिहार के युवाओं, विशेषकर महिलाओं से संवाद करेंगी। इसी संवाद के आधार पर वे एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार करेंगी। उनका कहना है कि वे ऐसी पार्टी की परिकल्पना कर रही हैं, जहां महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिले, युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले, टिकटों की खरीद-फरोख्त न हो और परिवारवाद के लिए कोई स्थान न हो।

बता दें कि ऋतु जायसवाल ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में परिहार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इस सीट पर बीजेपी की गायत्री देवी ने जीत दर्ज की थी, जिन्हें 82,644 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरीं ऋतु जायसवाल दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि आरजेडी प्रत्याशी डॉ. स्मिता गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।

आरजेडी से निष्कासित किए जाने के बाद से ही ऋतु जायसवाल लगातार पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधती रही हैं, और उनका यह नया संकेत बिहार की राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *