Chhattisgarh, City News, National News, Raipur, State News

बीजापुर में बड़ी सफलता: नक्सल-विरोधी अभियान में 12 माओवादी ढेर, मुख्यमंत्री साय ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

रायपुर। बीजापुर जिले में आज नक्सल-विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी उपलब्धि मिली है। संयुक्त सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 12 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया है। क्षेत्र में अभी भी सर्च अभियान जारी है और सुरक्षाबल संभावित छिपे नक्सलियों की तलाश में जुटे हुए हैं।

इस अभियान में डीआरजी बीजापुर के तीन वीर जवान—प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी—वीरगति को प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिले तथा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान हो।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दो अन्य जवान अब खतरे से बाहर हैं और उनके उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने दोनों जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि “हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के विरुद्ध यह निर्णायक सफलता स्पष्ट करती है कि लाल आतंक का अंत अब निकट है।” मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि राज्य सरकार और सुरक्षाबल “माओवाद के पूर्ण खात्मे” के संकल्प पर दृढ़ता से अडिग हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब तक बस्तर के अंतिम गाँव तक शांति, सुरक्षा और विकास नहीं पहुंचता, तब तक नक्सल-विरोधी अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि सरकार हर कदम पर सुरक्षा बलों के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *