Entertainment News

बिग बॉस 19: मालती चाहर का मिड-वीक एविक्शन, शो को मिले टॉप 5 — प्रणित मोरे की इमोशनल कहानी ने छुआ दिल

बिग बॉस 19 का ताजा एपिसोड कंटेस्टेंट्स के लिए बेहद इमोशनल रहा। मालती चाहर को मिड-वीक एविक्शन में बाहर कर दिया गया, जिसके बाद शो को अपने टॉप 5 फाइनलिस्ट मिल गए हैं। एपिसोड में ड्रामा, भावनाएं और कंटेस्टेंट्स की निजी कहानियां देखने को मिलीं। मालती के जाने के बाद प्रणित मोरे के आंसू बह निकले, वहीं फाइनलिस्ट्स ने अपने पर्सनल चैलेंज भी शेयर किए।

प्रणित मोरे ने शो में बताया कि बिग बॉस में आने से कुछ समय पहले उनकी नौकरी चली गई थी। उन्होंने यह भी साझा किया कि अपनी दादी के आखिरी दिनों में उनसे नहीं मिल पाने का उन्हें आज भी गहरा अफसोस है। बिजी शेड्यूल की वजह से वह अपनी दादी के निधन से पहले उनसे मिलने नहीं जा पाए, जिसने उन्हें अंदर से तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि बिग बॉस 19 ने उन्हें अपने माता-पिता का सपना पूरा करने का मौका दिया।

प्रणित ने वीर पहाड़िया विवाद पर भी खुलकर बात की। फरवरी 2025 में उनके स्टैंड-अप शो के बाद सोलापुर में उन पर हमला हुआ था। हमलावरों ने दावा किया था कि वे एक्टर वीर पहाड़िया के फैन हैं और उनके बारे में किए गए मजाक से नाराज़ थे। प्रणित की टीम के मुताबिक, शो के बाद कुछ लोग सेल्फी लेने के बहाने पास आए, और भीड़ हटते ही उन्होंने उन पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। हमलावरों ने चेतावनी भी दी— “अगली बार वीर पहाड़िया पर मजाक मत करना।”

इस घटना के बाद रेस्टोरेंट मालिक की शिकायत पर 10 से 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। प्रणित ने कहा कि वह अपना कॉमेडी स्टाइल नहीं बदलेंगे, लेकिन अब अधिक सावधानी जरूर बरतेंगे।

एपिसोड ने दर्शकों को न सिर्फ शो का ड्रामा दिखाया, बल्कि कंटेस्टेंट्स की असल भावनाओं और चुनौतियों से भी रूबरू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *