Business News, National News

इंडिगो संकट का सबसे बड़ा असर यात्रियों पर: मुंबई–दिल्ली फ्लाइट का किराया 50,000 रुपये पार, 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (Indigo Flights Crisis) में जारी संकट का गंभीर असर अब यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है। बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होने के कारण अन्य एयरलाइंस ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। स्थिति यह है कि मुंबई से दिल्ली का एयरफेयर 50,000 रुपये से भी ऊपर पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह किराया 6,000–7,000 रुपये होता है।

मुंबई–दिल्ली रूट देश का सबसे व्यस्त रूट माना जाता है। अभी इकोनॉमी क्लास का किराया 50 हजार रुपये से ज्यादा दिख रहा है, जबकि पहले आखिरी समय में भी यह करीब 20 हजार रुपये तक रहता था।

पेटीएम ऐप के फ्लाइट बुकिंग सेक्शन में 5 दिसंबर की उड़ानों का किराया 46,899 रुपये दर्ज किया गया, जबकि 6 दिसंबर के लिए यह लगभग 23,589 रुपये है। एयर इंडिया की वेबसाइट पर 6 दिसंबर को मुंबई–दिल्ली रूट पर इकोनॉमी 24,000 रुपये, प्रीमियम इकोनॉमी 28,000 रुपये और बिजनेस क्लास का किराया 50,000 रुपये तक पहुंच गया है।

उधर, इंडिगो ने 300 से ज्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं। इससे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु समेत कई बड़े एयरपोर्ट पर सेवाएं प्रभावित हुई हैं। नए रोस्टरिंग नियम लागू करने में आ रही दिक्कतों के चलते एयरलाइन पायलट और क्रू की भारी कमी से जूझ रही है।

DGCA ने इंडिगो को मौजूदा परिचालन समस्याओं पर स्पष्टीकरण देने और व्यवधानों को कम करने के लिए विस्तृत योजना सौंपने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *