हरिद्वार में धर्मेंद्र की अस्थियों का विसर्जन, हर की पौड़ी पर पैपराजी पर भड़के सनी देओल
बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां बुधवार को हरिद्वार के हर की पौड़ी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जित की गईं। अस्थि विसर्जन के दौरान देओल परिवार मौजूद रहा। सनी देओल के बड़े बेटे करण देओल ने अपने दादा धर्मेंद्र की अस्थियां गंगा में प्रवाहित कीं।
इस मौके पर घाट से देओल परिवार के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इन्हीं में से एक वीडियो में सनी देओल पैपराजी पर नाराज होते दिखे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो हर की पौड़ी का ही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सनी गुस्से में कुछ फोटोग्राफर्स की ओर बढ़ते हैं और उनमें से एक का कैमरा पकड़ते हुए कहते हैं— “क्या आप लोगों ने शर्म बेच खाई है? पैसे चाहिए तुझे, कितने पैसे चाहिए?”
यह पहली बार नहीं है जब सनी देओल ने पैपराजी पर नाराजगी जताई हो। इससे पहले भी, जब धर्मेंद्र अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे, तब घर के बाहर मौजूद पैपराजी को देखकर सनी भड़क गए थे। उस समय उन्होंने हाथ जोड़कर फोटोग्राफर्स से कहा था— “आपके घर में भी मां-बाप हैं, आपको शर्म नहीं आती?” साथ ही उन्होंने कुछ सख्त शब्दों का भी इस्तेमाल किया था।
धर्मेंद्र के निधन के बाद देओल परिवार लगातार निजी पलों में मीडिया की दखलंदाजी को लेकर असहजता जाहिर करता दिख रहा है।