National News

संसद का शीतकालीन सत्र चौथे दिन में, विपक्ष का वायु प्रदूषण पर जोरदार विरोध

नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र गुरुवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के मुद्दे पर विपक्षी सांसद आज संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। गुरुवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज हुआ।

इसी मुद्दे पर कांग्रेस के तीन सांसद—मणिकम टैगोर, मनीष तिवारी और विजय कुमार—ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देकर दिल्ली-एनसीआर व उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में बढ़ते प्रदूषण पर तत्काल चर्चा की मांग की है।

इस बीच, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक, 2025 पेश करेंगी। यह विधेयक राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर व्यय बढ़ाने के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने के उद्देश्य से मशीनों व अन्य प्रक्रियाओं पर उपकर (सेस) लगाने से संबंधित है।

शीतकालीन सत्र सोमवार से प्रारंभ हुआ है और 19 दिसंबर तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *