Entertainment News

संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की फिल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ का ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी से भरपूर दिलचस्प कहानी

संजय मिश्रा और महिमा चौधरी स्टारर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया। अब तक केवल पोस्टर सामने आए थे, जिनसे उत्साहित दर्शक ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार ट्रेलर ने फिल्म की कहानी और मजेदार किरदारों की एक झलक दे दी है।

2 मिनट 50 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत संजय मिश्रा से होती है। फिल्म में व्योम यादव मुरली का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी शादी की चर्चा चल रही होती है। मुरली को महक (पलक लालवानी) पसंद आ जाती है और वह उससे शादी करने का फैसला करता है। लेकिन लड़की के परिवार की शर्त है कि जिस घर में कोई महिला नहीं होगी, वहां वे अपनी बेटी की शादी नहीं करेंगे।

यहीं से कहानी में ट्विस्ट आता है—घर में केवल पिता दुर्लभ प्रसाद (संजय मिश्रा) और बेटा मुरली ही हैं। ऐसे में मुरली तय करता है कि पहले अपने पिता की दूसरी शादी कराई जाए, ताकि घर में एक महिला सदस्य हो सके। इसी दौरान दुल्हन की तलाश में कई हास्यास्पद स्थितियां बनती हैं और महिमा चौधरी बबीता के किरदार में एंट्री करती हैं, जो एक बोल्ड और बेबाक महिला दिखाई गई हैं।

ट्रेलर में कई मजेदार और रोमांचक मोड़ देखने को मिलते हैं, लेकिन कहानी आखिर किस दिशा में जाती है और क्या मुरली और उसके पिता की शादी हो पाती है—इसके लिए दर्शकों को फिल्म देखनी होगी।

19 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म

सिद्धांत राज सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय मिश्रा और महिमा चौधरी के साथ व्योम यादव, पलक लालवानी और श्रीकांत वर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ 19 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *