विधायक देवेंद्र यादव भूख हड़ताल पर, दुर्ग में बढ़ी जमीन गाइडलाइन दरों के विरोध का मुद्दा गरमाया
दुर्ग: दुर्ग में जमीन गाइडलाइन दरों में बड़ी वृद्धि के विरोध में जारी आंदोलन अब राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। हाल ही में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जमीन कारोबारियों पर हुए लाठीचार्ज और उनके खिलाफ दर्ज मामलों के विरोध में भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, जिले के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पदाधिकारी भी पटेल चौक स्थित धरना स्थल पहुंचे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की जायज मांगों को सुनने के बजाय बल प्रयोग कर अपनी “संवेदनहीनता” प्रदर्शित कर रही है।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि जमीन कारोबारी, किसान और आम नागरिकों पर लाठीचार्ज सरकार की “दमनकारी और तानाशाही मानसिकता” को दर्शाता है। उन्होंने जमीन कारोबारियों की मांगों को उचित ठहराते हुए कहा कि रजिस्ट्री दरों में वृद्धि से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घर बनाने के सपने पर आघात हुआ है।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने बताया कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे और बढ़ी हुई गाइडलाइन दरें वापस लेने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। उनका कहना है कि पाँच दिनों तक न तो सरकार का कोई मंत्री या विधायक प्रदर्शन स्थल पहुंचा, न ही किसी भाजपा नेता ने आंदोलनकारियों से संवाद की कोशिश की। इसी उपेक्षा के बीच मंगलवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसे कांग्रेस ने “सत्ता का दुरुपयोग” बताया है।
जमीन गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश में विरोध जारी है और अब कांग्रेस के समर्थन के बाद आंदोलन और तेज होने की संभावना है।