National News

नौसेना दिवस पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर से शुभकामनाएं, भारतीय नौसेना के साहस और आधुनिक क्षमताओं को सलाम

नौसेना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सहित देश के शीर्ष नेतृत्व ने भारतीय नौसेना के साहस, समर्पण और आधुनिक क्षमताओं की सराहना की। फ्रांस के दूतावास ने भी भारत-फ्रांस नौसैनिक सहयोग को मजबूती देते हुए बधाई संदेश भेजा।

प्रधानमंत्री मोदी ने नौसेना को बताया देश का गौरव
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय नौसेना असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण के प्रयासों ने नौसेना की क्षमता को बेहद मजबूत किया है। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष दिवाली आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ मनाने को अविस्मरणीय अनुभव बताया और नौसेना को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

रक्षा मंत्री ने विकसित भारत में नौसेना की भूमिका पर जोर दिया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना भारतीय महासागर क्षेत्र की सबसे बड़ी निवासी शक्ति है और वह आत्मनिर्भरता, सतर्कता और उच्च पेशेवर मानकों के साथ देश के समुद्री हितों की रक्षा कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नौसेना आगे भी राष्ट्रीय समुद्री हितों को सशक्त बनाए रखेगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ब्लू इकोनॉमी और समुद्री सुरक्षा में नौसेना की भूमिका का उल्लेख किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय नौसेना व्यापारिक समुद्री मार्गों की सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने और मानवीय मिशनों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने नौसेना को अनुशासन, करुणा और उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने नौसैनिकों के बलिदान को किया नमन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय नौसेना विशाल तटीय क्षेत्र की सुरक्षा से लेकर हिंद-प्रशांत व हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने नौसैनिकों के निस्वार्थ योगदान और बलिदान को सलाम करते हुए कहा कि उनकी वीरता देश को प्रेरित करती रहती है।

फ्रांस ने भी दी नौसेना दिवस की शुभकामनाएं
फ्रांस के दूतावास ने ट्वीट कर भारतीय नौसेना को बधाई दी। उन्होंने राफेल मरीन लड़ाकू विमान, संयुक्त नौसैनिक अभ्यास, समुद्री गश्त और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित समुद्री तंत्र को दोनों देशों की साझेदारी का आधार बताया।

ऑपरेशन ट्राइडेंट की सफलता की याद में मनाया जाता है नौसेना दिवस
हर वर्ष 4 दिसंबर को नौसेना दिवस 1971 के युद्ध में भारतीय नौसेना के सफल ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ की स्मृति में मनाया जाता है, जब नौसेना ने कराची बंदरगाह पर निर्णायक हमला कर पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *