छत्तीसगढ़ में नई कलेक्टर गाइडलाइंस को लेकर विरोध तेज, दुर्ग में प्रदर्शन उग्र; पुलिस ने लाठीचार्ज कर पांच गिरफ्तार किए
दुर्ग-भिलाई: छत्तीसगढ़ में लागू नई कलेक्टर गाइडलाइंस के चलते जमीन की कीमतों में 5 से 9 गुना तक बढ़ोतरी हो गई है। इसके खिलाफ प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में दुर्ग में सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जहां जमीन कारोबारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस के बाद मामला बेकाबू हो गया। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी, लेकिन अब गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आंदोलन का नेतृत्व करने वाला मनोज राजपूत अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
घटना दुर्ग के पटेल चौक स्थित बीएसएनएल ऑफिस के सामने हुई, जहां बिना अनुमति सड़क जाम कर जमीन कारोबारी उग्र प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और सरकारी कामकाज में रुकावट पैदा की। इस झूमाझटकी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बार-बार रोकने के बावजूद निर्देशों की अनदेखी की और भीड़ को भड़काने की कोशिश की। उन्होंने दबाव बनाने के लिए रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी काम में रुकावट डालने और सड़क जाम करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।