केंदा घाटी में बड़ा हादसा टला: बस कंक्रीट वॉल से टकराकर पेड़ से अटकी, एक की मौत, पांच घायल
बिलासपुर: बिलासपुर-पेंड्रा रोड के केंदा घाटी में मंगलवार शाम एक यात्री बस बड़ा हादसा होने से बाल–बाल बच गई। मोड़ पर बेकाबू हुई बस कंक्रीट वॉल से टकराई और पलटते हुए पास ही के एक बड़े पेड़ से टिक गई। यदि बस पेड़ से न रुकती, तो वह करीब 40 फीट गहरी खाई में गिर सकती थी।
हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना कोटा थाना क्षेत्र के केंदा चौकी क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि बस दीप ट्रैवल्स की थी, जो बिलासपुर और मरवाही के बीच चलती है। मंगलवार को मरवाही से बिलासपुर जा रही बस (CG 10 G 0336) में 31 यात्री सवार थे। बस को अर्जुन कश्यप चला रहे थे। देर शाम पेंड्रा और गौरेला होते हुए बस केंदा घाटी पहुंची, जहां सड़क जर्जर होने और निर्माण कार्य चलने के कारण रास्ता काफी खराब था। घाटी में कई खतरनाक मोड़ हैं। इनमें से एक मोड़ पर बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगी कंक्रीट दीवार से टकराने के बाद दो पहियों पर पेड़ के सहारे लटक गई। इससे अंदर बैठे यात्री एक तरफ गिर पड़े।
हादसे में ग्राम केंदा सेमरी निवासी 20 वर्षीय यशपाल कंवर को गंभीर चोटें आईं। पांच अन्य यात्री भी घायल हुए। हादसे के बाद घबराए यात्रियों ने एक-दूसरे की मदद से बस से बाहर निकलना शुरू किया। इस बीच ड्राइवर अर्जुन कश्यप बस से कूदकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल यशपाल को एम्बुलेंस से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, यशपाल हाल ही में रिश्तेदारों से मिलने मुरमुर गया हुआ था। उधर, बेलगहना चौकी पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।