International News, National News, News, Operation Sindoor

पीएम के संदेश ने बाहरी और आंतरिक विरोधियों के दुष्प्रचार का भ्रम दूर किया : देव

भाजपा. ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत भारत ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया है और हमनें शानदार तरीके से प्रतिशोध लिया है।

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम दिए गए संदेश को ऐतिहासिक और आश्वस्त करने वाला बताया। श्री देव ने कहा कि देश को अब यह पूरी तरह से विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी तरह से सुरक्षित है, और उनके शासन में भारत के खिलाफ किसी भी प्रकार के हमले को तत्काल नष्ट कर दिया जाएगा।

श्री देव ने पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह हमेशा झूठे दावे करते रहते हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान के कई आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जिनमें लगभग 100 आतंकवादी मारे गए। बहावलपुर, मुरीदके, गुलपुर, भिंबर, चाक अमरू, बाग, कोटली, सियालकोट और मुजफ्फराबाद जैसे आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर भारत ने यह साबित कर दिया कि वह किसी भी स्थिति में अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम है। मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों का यह कहना कि “काश, मैं भी मर जाता,” यह अपने आप में भारत की ताकत को दिखाता है।

श्री देव ने कहा कि एक आतंकवादी द्वारा अपनी मौत की भीख मांगना भारतीय सेना के अद्वितीय साहस को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने जो बदला लिया है, वह न केवल सफल था, बल्कि पाकिस्तान पर कड़े प्रतिबंध लागू करने के परिणामस्वरूप इसके दूरगामी असर भी होंगे।

भा.ज.पा. प्रदेश अध्यक्ष ने आगे बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने जो कठोर निर्णय लिए, जैसे सिंधु जल समझौता रद्द करना और सीमा पर लोगों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर देना, यह पाकिस्तान को साफ संदेश था कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को वीजा रद्द कर और व्यापार बंद कर के भारत ने पाकिस्तान सहित पूरी दुनिया को यह दिखा दिया है कि हम किसी भी संकट के समय पूरी तरह से एकजुट हैं।

श्री देव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ सहनशीलता की सीमाओं को फिर से परिभाषित करने की बात की और यह स्पष्ट किया कि भारत अब बिना किसी चेतावनी के पाकिस्तान के प्रायोजित आतंकवादी हमलों के खिलाफ तत्पर है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ ने आत्मविश्वास और भारत की रणनीतिक स्वायत्तता को मजबूत किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान पाकिस्तान के प्रमुख एयरबेस पर किए गए 90 मिनट के लक्षित हमलों ने पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को रणनीतिक और मनोवैज्ञानिक रूप से कमजोर किया। इससे पाकिस्तान की वायु सेना की तत्परता और उसकी सैन्य गतिशीलता पर गंभीर असर पड़ा, और यह संदेश दिया कि अब भारत के पास पहल करने की ताकत है और पाकिस्तान को भविष्य में किसी भी प्रकार के आक्रमण का विचार करने से पहले गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा।

श्री देव ने कहा कि यह केवल युद्ध के मैदान में जीत का मामला नहीं था, बल्कि यह पाकिस्तान की लड़ने की क्षमता को निष्क्रिय करने और उसे भविष्य में आक्रामकता से रोकने के लिए किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *