पर्यावरण संरक्षण की ओर कदम: मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने नवा रायपुर में किया नारियल वृक्षारोपण

रायपुर, 13 मई – हरित छत्तीसगढ़ और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवा रायपुर स्थित सेंट्रल पार्क में नारियल का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी नारियल के पौधों का रोपण कर हरियाली को बढ़ावा देने के संकल्प को और सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा, “वृक्ष जीवन का आधार हैं। हमें अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को एक जनांदोलन बनाना चाहिए।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रकृति के संरक्षण में भागीदार बनें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में हरित आवरण बढ़ाने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित है और वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जुड़ा एक व्यापक जन-अभियान बना रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास में आमजन की सक्रिय भागीदारी ही इस अभियान को सफल बनाएगी।
इस अवसर पर कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, कृषि संचालक राहुल देव, उद्यानिकी संचालक एस. जगदीशन सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता और हरियाली को बढ़ावा देने के इस महत्वपूर्ण कदम में सहभागिता निभाई।