MP के गुना जिले में डिवाइडर से टकराने के बाद कार पलटी, हादसे में 4 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे युवकों की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है। यह दुर्घटना बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र के रिजौदा गांव से बारात गुना के मावन गांव गई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद कुछ युवक वापस रिजौदा लौट रहे थे, तभी भदौरा के पास उनकी कार पलट गई। इस हादसे में रिजौदा गांव के गोविंद रघुवंशी, सोनू, वीरू और हितेश बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुदीप रघुवंशी, सुमित और रवि रघुवंशी घायल हो गए। इनमें से सुदीप की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है।