Chhattisgarh, City News, State News

छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत, पश्चिमी विक्षोभ से रातें होंगी थोड़ी गर्म, शीतलहर से राहत की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इससे प्रदेशवासियों को शीतलहर से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

बीते दिनों रायपुर और दुर्ग के आउटर इलाकों सहित सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। बाहरी क्षेत्रों में रातें बेहद सर्द रहीं, वहीं शहरों में भी सुबह के समय कंपा देने वाली ठंड ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। सरगुजा, मैनपाट और बलरामपुर जैसे इलाकों में तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंचने से कई स्थानों पर पाला जमने की स्थिति बनी।

मौसम विभाग के अनुसार जनवरी का पहला पखवाड़ा तीखी ठंड के नाम रहा, लेकिन अब दूसरे पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ठंड की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी। अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है और 26 जनवरी तक किसी बड़े कोल्ड वेव सिस्टम के प्रभाव में आने के आसार भी कम बताए गए हैं।

इसके अलावा सूर्य की स्थिति उत्तरायण की ओर बढ़ने से दिन की अवधि में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। दिन लंबे होने के साथ ही ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की उम्मीद है।

शीतलहर का अलर्ट अब भी जारी

हालांकि राहत के संकेतों के बीच मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड से बचाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस सीजन में रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तो दिखा, लेकिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 में 1 जनवरी को रायपुर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं माना इलाके में इस बार जैसी ठंड की स्थिति पिछले करीब 15 वर्षों में देखने को नहीं मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *