City News, State News

कुंडली–मानेसर–पलवल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डंपर और कंटेनर में लगी आग, दो की जिंदा जलकर मौत

तावडू/हरियाणा। हरियाणा के तावडू उपमंडल अंतर्गत मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में कुंडली–मानेसर–पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव सबरस और गुढ़ी के बीच अचानक एक वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। इस चेन रिएक्शन में कुल पांच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिनमें रोड़ी से लदा एक लंबा डंपर और एक कंटेनर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।

टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर और कंटेनर में आग लग गई, जो देखते ही देखते दोनों वाहनों को आग के गोले में बदल गई। आग की चपेट में आने से डंपर में सवार चालक और खलासी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। शव पूरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जाम हटाने और यातायात को सामान्य करने में पुलिस को लगभग तीन घंटे का समय लगा।

स्थानीय ट्रक चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ। बताया जा रहा है कि दो वाहन मौके से फरार हो गए, जिसके कारण पीछे से आने वाले वाहन आपस में टकरा गए और यह बड़ा हादसा हो गया।

मोहम्मदपुर अहिर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और वाहनों के मालिक भी मौके पर पहुंच चुके हैं। प्राथमिक जांच में अचानक ब्रेक लगना हादसे का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस फरार वाहनों की तलाश में जुटी हुई है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *