Entertainment News

फिल्म बॉर्डर 2 का नया गाना ‘जाते हुए लम्हों’ लॉन्च, अहान शेट्टी और सुनील शेट्टी हुए शामिल

मुंबई: फिल्म बॉर्डर 2 का नया गाना ‘जाते हुए लम्हों’ सोमवार को लॉन्च किया गया। इस मौके पर आयोजित स्पेशल स्क्रीनिंग में अभिनेता अहान शेट्टी अपने पिता सुनील शेट्टी के साथ पहुंचे। इवेंट में अभिनेता और उनके परिवार के बीच भावुक पलों का माहौल देखने को मिला।

सुनील शेट्टी ने बेटे के संघर्ष की बात की
सुनील शेट्टी ने कहा, “लोगों को लगता है कि अहान को आसानी से काम मिला क्योंकि वह मेरा बेटा है, लेकिन सच्चाई यह है कि उसने जिंदगी में बहुत कुछ झेला है। मुझे खुशी है कि उसे बॉर्डर जैसी फिल्म मिली। मैं यही प्रार्थना करूंगा कि वह अपने रोल के साथ न्याय करें और फिल्म अच्छा प्रदर्शन करे।”

फिल्म को लेकर उन्होंने आगे कहा, “इतनी बड़ी फिल्म करना अपने आप में बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैंने अहान से कहा था कि यह सिर्फ यूनिफॉर्म पहनने की बात नहीं है। जो भी करो, दिल से करो। देश की सुरक्षा और साहस हमें हमारे सैनिक और अधिकारी देते हैं, इसे हमेशा याद रखना।”

सुनील ने फिल्म की प्रोड्यूसर निधि दत्ता और बॉर्डर के पहले पार्ट के डायरेक्टर जेपी दत्ता को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि निधि उनके लिए छोटी बेटी जैसी हैं और अहान को इस फिल्म में कास्ट करना बहुत बड़ी बात है।

अहान शेट्टी की फिल्मी यात्रा
अहान ने साल 2021 में फिल्म तड़प से एक्टिंग की शुरुआत की थी। अब वह बॉर्डर 2 में सनी देओल और वरुण धवन के साथ नजर आएंगे। फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

गाना लॉन्च इवेंट की खासियत
गाने ‘जाते हुए लम्हों’ के लॉन्च के मौके पर मुंबई के यूनाइटेड सर्विसेज क्लब में नौसेना अधिकारी मौजूद रहे। सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी और अन्या सिंह ने एंट्री की। इसके बाद नेवल ऑफिसर्स ने बैंड परफॉर्मेंस दी। इवेंट में सिंगर रूप कुमार राठौड़ और विशाल मिश्रा ने भी लाइव परफॉर्मेंस पेश किया।

यह गाना और इवेंट फिल्म की थीम को श्रद्धांजलि देते हुए दर्शकों को भावुक और उत्साहित दोनों कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *