असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट की रोक के बाद RPSC ने एडमिट कार्ड जारी नहीं किए
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा–2025 के एडमिट कार्ड गुरुवार को जारी नहीं किए गए। परीक्षा 7 से 20 दिसंबर तक प्रस्तावित थी, लेकिन बुधवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने भर्ती परीक्षा पर रोक लगा दी थी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथि 7 दिसंबर से शुरू होगी या नहीं। हालांकि आयोग रोक के फैसले का अध्ययन कर रहा है और इसके खिलाफ अपील दायर करने की तैयारी भी की जा रही है।
आयोग ने 4 दिसंबर को एडमिट कार्ड जारी करने की घोषणा की थी, लेकिन इससे पहले ही परीक्षा पर रोक लगने से प्रक्रिया रोक दी गई। एडमिट कार्ड जारी होने पर अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से एप्लिकेशन नंबर एवं जन्मतिथि के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा SSO पोर्टल के रिक्रूटमेंट लिंक के जरिए भी एडमिट कार्ड उपलब्ध होंगे।
हाईकोर्ट ने क्यों लगाई रोक
बुधवार को जस्टिस अशोक कुमार जैन की अदालत ने यदुराज एवं अन्य याचिकाकर्ताओं की याचिका पर सुनवाई के दौरान भर्ती परीक्षा–2024 पर रोक लगा दी। अदालत ने निर्देश दिया कि RPSC पहले परीक्षा का सिलेबस जारी करे और सिलेबस जारी होने के बाद 30 दिन का समय देकर परीक्षा आयोजित की जाए।
दरअसल, RPSC ने सितंबर में भर्ती का विज्ञापन तो जारी किया था, लेकिन नया सिलेबस जारी नहीं किया गया था। इस पर न्यायालय ने RPSC सचिव को तलब भी किया था।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब परीक्षा की तारीखों को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है और अभ्यर्थी आयोग से नए निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।